उझानी (बदायूं)। पंचायत चुनाव में विजयी प्रधानों को प्रदेश सरकार की ओर से शपथ कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद ब्लॉक में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ब्लॉक क्षेत्र में 76 में से 36 प्रधान ही शपथ ले पांएगे। अधिकतर ग्राम सभाओं में सदस्यों का दो तिहाई कोरम पूरा नहीं हो पाने की वजह से उन्हें शपथ नहीं दिलाई जाएगी। 40 प्रधानों को कोरम पूरा होने का इंतजार करना पड़ेगा।
पंचायत चुनाव के लिए बदायूं जिले में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। दो मई को मतगणना होने के बाद काफी हद तक तय हो गया था कि 12 मई को सभी नवनिर्वाचित प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। लेकिन कोरोना के चलते सरकार ने पूरे प्रदेश में प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह पर रोक लगा दी थी। प्रदेश सरकार की ओर से शनिवार को शपथ ग्रहण के लिए तारीख मुकर्रर कर दी। इसके तहत 24 मई को ग्राम पंचायतों को संगठित करने की जिलाधिकारी अधिसूचना जारी करेंगे। 25 और 26 मई को प्रधानों के लिए शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण की तारीख तय होने की खुशी तो नवनिर्वाचित प्रधानों में है, लेकिन यहां ब्लॉक क्षेत्र में 40 ग्राम पंचायत ऐसी हैं। जिनमें पंचायत चुनाव के दौरान सदस्यों को दो तिहाई कोरम पूरा नहीं हो पाया था। 76 ग्राम पंचायतों में से 36 में ही सदस्यों का कोरम पूरा है। शपथ उन्हीं ग्राम पंचायतों के प्रधान लेंगे जिनका कोरम पूरा है। वहीं इस संबंध में एडीओ (पंचायत) लक्ष्मण सिंह ग्वाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव की दिशा में प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई जानी है। शपथ लेने वाले प्रधान तय समय से पहले अपने गांवों के पंचायत घरों में मोबाइल फोन लेकर पहुंचेंगे। जिन प्रधान का कोरम पूरा नहीं है। उनका शपथ नहीं दिलाई जाएगी।
उझानी की इन ग्राम पंचायत में कोरम अधूरा
अहीरवारा, अन्नी, अथइया, बरामलदेव, बरामयखेड़ा, बंसतनगर, भैंसोरा, बुटला खंजन, चंदनपुर पुख्ता, चंदऊ, दूदेनगर, फतेहपुर, गुराई, हजरतगंज, जजपुरा, जमरौली, कठौली, खजुरारा पुख्ता, किनापुर, कुआडांडा, कुरऊ, लौड़ा बहेडी, मलिकपुर, मिहौना, मुजाहिदपुर, नगला तैयदपुर, ननाखेड़ा पुख्ता, नरऊ, पलिया मेंहदी, पतौरा, पीरनगर, फलासी, पिपरौल पुख्ता, रहमुद्दीनगर, रनऊ, सराय स्वाले, सरौता, सरकी, सिकंदराबाद, तेहरा।