बिसौली के मदनलाल इंटर कॉलेज के मैदान में आयाेजित युवा रोजगार महोत्सव में नौकरी के लिए चयन होने
बिसौली। मदनलाल इंटर कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को आयोजित युवा रोजगार महोत्सव में नौकरी पाने के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ी। 24 कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद पंजीकृत 627 अभ्यर्थियों में से 346 युवाओं का चयन किया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू भैया सहित अन्य अफसरों ने युवाओं को प्रमाणपत्र भी सौंपे।
मेले में 24 कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। विधायक ने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। ऐसे रोजगार महोत्सव युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का माध्यम बनते हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सविता शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलने से वे आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे। महोत्सव में राजकीय आईटीआई, कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस मौके पर विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कौशल विकास मिशन के परियोजना प्रबंधक अंकित यादव ने किया।