बदायूं। गुरुवार को डीएम ने यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक डीके दीक्षित के साथ स्थलीय निरीक्षण कर डायट परिसर में बन रहे ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य और उसकी गुणवत्ता को देखा। डीएम ने निर्देश दिए कि आर्किटेक्ट से सहमति लेकर मंच को थोड़ा छोटा कर दर्शकों के बैठने के स्थान को बढ़ाया जाए। सुरक्षा की दृष्टि से परिसर की बाउंड्रीवॉल बनाई जाए। ऑडिटोरियम की दीवार पर सीलन देखकर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डायट में बनी अन्य नवनिर्मित बिल्डिंग को देखा। इसके बाद में कहा कि पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत करके भी उसे दोबारा सुंदर बनाया जा सकता है। इसलिए नई बिल्डिंग के निर्माण कराने से पहले पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत कराकर उसे प्रयोग में लाया जाए। संस्था की ओर से बताया कि ऑडिटोरियम का निर्माण 485.44 लाख की लागत से किया जाना था, लेकिन समय से कार्य पूरा नहीं होने के कारण शेष बचे कार्य के लिए रिवाइज एस्टीमेट भेजा जा चुका है। ब्यूरो