बदायूं। पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में जिला टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने रविवार को जिले के सभी स्कूल खोलने, मिड-डे मील का वितरण व आंगनबाड़ियों द्वारा पोषाहार का वितरण समय से कराए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी जगहों पर बच्चों को पोलियो की ड्रॉप पिलाई जाएगी। जिन ब्लॉकों पर एएनएम की संख्या कम है, उन ब्लॉकों पर नव नियुक्त एएनएम को तैनात किया जाए।
इधर ब्लॉक जगत क्षेत्र के गांव मझिया में प्राथमिक-उच्च प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने रैली निकाली। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका गीता सिंह ने कहा कि पोलियो से बचाने को हर अभिभावक को चाहिए वे अपने पांच साल तक के बच्चे को खुराक अवश्य पिलवाए। इस दौरान संगीता रस्तोगी, प्रतिभा सिंह, श्वेता गुप्ता, राजीव कुमार मौजूद थे। प्राथमिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका नमिता राठौर ने भी बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलवाने को प्रेरित किया। सपना, रेनू, अमनदीप, नीतू आदि मौजूद थीं। पिंडौल उच्च प्राथमिक स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सौरभ श्रीवास्तव ने अभिभावकों को अपने पांच साल तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलवाने को कहा। ब्यूरो