फोटो-पांच से दस
ट्रैफिक मैनेजमेंट फेल, लावेला चौक पर डेढ़ घंटे जाम
फंसी रही यूपी 100 और एंबुलेंस, नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे टेंपो, ई-रिक्शा चालक, मारपीट होते-होते बची
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। शहर में यातायात नियमों का जमकर मखौल उड़ाया जा रहा है। इन नियमों को तोड़ने वाले और कोई नहीं, बल्कि टेंपो और ई-रिक्शा चालक हैं। यह यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, जिस कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाती है। इसी के चलते शहर के लावेला चौक पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे इस कदर जाम लगा कि लोग पसीना-पसीना हो गए। जाम में एंबुलेंस और डॉयल 100 भी फंस गईं। जाम करीब डेढ़ घंटे तक लगा रहा, जिस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
सुबह लगे जाम के कारण टेंपो, ई-रिक्शा वालों ने लावेला चौक के इर्द-गिर्द सभी मार्गों को घेर लिया था। बाकी बड़े वाहनों की वजह से छोटे वाहन नहीं निकल पा रहे थे। इसी का नतीजा रहा कि ट्रैफिक संभालने वालों को स्वयं नहीं पता था कि कौन सा वाहन किधर से पास कराया जाए, जिससे जाम खुल सके। इस जाम में एक यूपी 100 गाड़ी और दो एंबुुलेंस भी फंस गईं। तेज धूप की वजह से स्थिति यहां तक खराब हो गई कि कुछ स्थानों पर नौबत गाली-गलौज तक आ गई। इसी में एक ई-रिक्शा वाले ने ध्यान ही नहीं दिया और अपना वाहन आगे निकालने के चक्कर में बाइक में साइड तक मार दी। गनीमत रही कि बाइक गिरी नहीं। जाम की वजह से जिला अस्पताल मार्ग पर भी दो लोग झगड़ पड़े, जिन्हें आसपास के लोगों ने शांत किया। इस दौरान जाम खुलवाने में सिर्फ एक होमगार्ड सक्रिय रहा। करीब डेढ़ घंटे बाद जैसे-तैसे जाम खुला। तब कहीं लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर में जाम की यह स्थिति सिर्फ लावेला चौक ही नहीं बल्कि गद्दी चौक, रजी चौक, रोडवेज स्टैंड, कचहरी चौराहा, इंदिरा चौक, काली सड़क, पथिक चौक, जालंधरी सराय चौराहा और लालपुल एरिया में भी दिखी।
-------------
वैसे इन पर है ट्रैफिक संभालने का जिम्मा
शहर की यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी 12 ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और 13 होमगार्ड पर है। इनमें दो ट्रैफिक पुलिस कर्मी और एक होमगार्ड इंदिरा चौक, दो ट्रैफिक पुलिस कर्मी और दो होमगार्ड पुलिस लाइन चौराहा, दो ट्रैफिक पुलिस कर्मी और एक होमगार्ड जेल तिराहा, दो होमगार्ड राणा प्रताप तिराहा, दो ट्रैफिक पुलिस कर्मी और दो होमगार्ड जालंधरी सराय चौराहा, एक होमगार्ड लालपुल, दो होमगार्ड लावेला चौक, एक घंटाघर और एक खैराती चौक पर लगाया गया है।
-----------------------
क्या कहते हैं लोग
फोटो-11
शहर की यातायात व्यवस्था संभालने को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की कागजों में ड्यूटी चल रही है, अगर यह लोग अपनी जगह तैनात रहें तो व्यवस्था नहीं बिगड़ सकती।
-संजीव कुमार
--
फोटो-12
लावेला चौक पर पेड़ के नीचे पुलिस कर्मी बैठे रहते हैं। क्या ऐसे यातायात व्यवस्था सुधरेगी। यह तो मौज हो रही है। कम से कम यह टेंपो-रिक्शा वालों को नियंत्रित करते रहें, तो जाम की स्थिति नहीं बनेगी।
-करन
--
फोटो-13
इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को सतर्क होना पड़ेगा। अतिक्रमण हटवाना पड़ेगा और यातायात नियम तोड़ने वाले के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। तभी कोई सुधार आ सकता है।
-संदीप
--
फोटो-14
शहर में कोई एक जगह तो जाम लग नहीं रहा है। जहां देखो वहां जाम की स्थिति है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को कदम उठाने पड़ेंगे।
-मोहन बतरा
--------------
लोगों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा है। कोई इसे हटाने की पहल नहीं करना चाहता। इस वजह से शहर में जाम लग रहा है। अब लोग खुद जागरूक हों, पहल करें तो यातायात व्यवस्था में सुधार हो सकता है। बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएंगे।
-वीरेंद्र सिंह यादव, सीओ सिटी