दबतोरी। मानसिक मंदित किशोरी ने अपने कपड़ों पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिसौली थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी हरि सिंह की बेटी रूपवती(15) मानसिक मंदित है। परिजनों के मुताबिक रूपवती का बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार को घर के लोग काम पर गए थे। दोपहर करीब एक बजे किशोरी ने घर में रखा मिट्टी के तेल अपने कपड़ों पर डालकर आग लगा ली। उसके कपड़ों से आग की लपटें निकलती देख घर के आंगन में खेल रहे छोटे भाई-बहन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बमुश्किल किशोरी के शरीर की आग बुझाई। मगर तब तक वह बुरी तरह से झुलस चुकी थी। परिवार वाले किशोरी को तुरंत चंदौसी स्थित एक प्राईवेट अस्पताल ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर दबतोरी चौकी इंचार्ज इंद्रेश कुमार ने मौका मुआयना किया।