बदायूं। कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ट्रेनों में संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रहीं हैं। दिव्यांग के लिए अधिकृत कोच में सफर करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसा जा रहा हैं। जीआरपी एसपी के निर्देश पर सावन माह तक ट्रेनों में चेकिंग और प्लेटफार्म पर घूमने वाले संदिग्धों को रडार पर रखा जाएगा।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेनों में अब कांवड़ यात्रियों की भीड़ जुटने लगी हैं। कासगंज से बरेली और बरेली से कासगंज जाने वाली सभी ट्रेनों में जीआरपी और आरपीएफ के जवान लगातार यात्रियों पर नजर टिकाएं हैं। कोई अनहोनी न हो इसलिए प्लेटफार्म पर घूमने वाले संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही हैं। स्टेशन अधीक्षक पारस चंद्र प्रवीन भी नियमित रूप से प्लटफार्म की साफ-सफाई पर ध्यान दे रहे हैं ताकि रात्रि में स्टेशन पर रुकने वाले कांवड़ियों को कोई असुविधा न हो। पांच दिन पहले जीआरपी एसपी केशव कुमार चौधरी ने अनंतनाग में हुए आतंकी हमले को लेकर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन अधीक्षक के साथ मीटिंग कर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए थे।
प्रभारी निरीक्षण आरपीएफ हरेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रेनों में लगातार संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्लेटफार्म पर घूमने वाले संदिग्धों पर पुलिस टीम नजर रखे हुए है। सावन माह तक इसी तरह ट्रेनों में कड़ी सुरक्षा रहेगी।