सोमवार से डोर-टू-डोर पिलाई जाएगी पोलियो दवा
पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत रविवार को जिले में बूथ दिवस पर 3.45 लाख नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाई गई। सोमवार से जिले में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
रविवार को अभियान का शुभारंभ सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा ने अपने हाथों से नौनिहालों को पोलियो दवा पिलाकर किया। जिले भर में पोलियो बूथों पर दवा पीने पहुंचे शून्य से पांच साल तक के बच्चों को टोपी, सीटी और गुब्बारे भी बांटे गए। अभियान की सफलता को बुलावा टोलियों का भी सहयोग लिया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन हरित ने बताया कि सोमवार से एक सप्ताह तक डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। शत प्रतिशत नौनिहालों को दवा पिलाने का लक्ष्य है। सोथा मोहल्ला में सैयद मुनव्वर अली मैमोरियल कन्या जूनियर हाई स्कूल में बूथ पर 116 बच्चों को दवा पिलाई गई। शगुफ्ता खातून, आभा रानी, नुसरत जहां, मुताहिर अली जिलानी, शाह मोहम्मद, अशफाक आदि का सहयोग रहा।