बदायूं। जनपद के 305 माध्यमिक विद्यालयों में से 258 में 21 मई से समर कैंप नहीं शुरू हो रहा है। अब केवल 47 विद्यालयों ने ही समर कैंप कराने के लिए सहमति पत्र भेजा है।
जिले के 39 राजकीय विद्यालयों ने अपनी सहमति दे दी है। वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त 41 विद्यालयों में से सिर्फ आठ ने ही समर कैंप कराने की सहमति दी है। 225 स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयाें में एक ने भी सहमति नहीं दी। शिक्षक संगठनों के विरोध में आने पर विभाग ने अपना पूर्व में जारी आदेश को संशोधित करते हुए अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) व स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में समर कैंप के आयोजन की अनिवार्यता नहीं की है। यह विद्यालय अपनी स्वेच्छा से कैंप का आयोजन करेंगे। इतना ही नहीं कैंप का आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों की सहमति से ही किया जाएगा। जबकि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कैंप का आयोजन पूर्व की भांति 21 मई से अनिवार्य रूप से किया जाना तय है।
क्या है वजह
डीआईओएस प्रवेश कुमार ने बताया कि एडेड व स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों को शासन से समर कैंप कराने के लिए वित्तीय सहायता न मिलना भी एक बड़ी वजह है। कहा कि राजकीय इंटर कालेजों में समर कैंप कराने के लिए विभाग को बजट जारी कर दिया गया है।
म्यूजिकल चेयर व रस्सी कूद से होगी समर कैंप की शुरुआत
जिले के कक्षा छह से आठ तक के परिषदीय विद्यालयों में आज योग-व्यायाम व माध्यमिक के 47 विद्यालयों में म्यूजिकल चेयर व रस्सी कूद से समर कैंप की शुरूआत होगी। हर दिन बदल-बदल के कार्यक्रम होंगे। समर कैंप सुबह 7 से दस बजे तक चलेंगे।