बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक खैरी रोड स्थित एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में घुसकर चोर ने गुल्लक का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरी निवासी मोहम्मद जफर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह जुमे की नमाज पढ़ने के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने दुकान का शटर आधा बंद कर दिया था। आरोप है कि तभी एक शातिर चोर आधे खुले शटर से दुकान के अंदर घुस गया और गुल्लक का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये निकाल लिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने तहरीर दी है। इधर, क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र चोर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद