बदायूं। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सत्र 2025-26 के लिए निजी स्कूलों की 25 फीसदी सीट रिजर्व रखी गईं हैं। अब आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए एक दिसंबर से आवेदन करने का मौका मिलेगा।
नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत अप्रैल में हुई थी। इसके बाद स्कूलों में पढ़ाई शुरू करा दी गई, लेकिन आरटीई के तहत विलंब से चयन की कार्रवाई हुई थी। इसकी वजह से जुलाई और अगस्त तक बच्चे विभिन्न स्कूलों में प्रवेश ले सके थे। आरटीई के तहत दाखिला लेने वाले बच्चों का कोर्स पिछड़ गया, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
शैक्षिक सत्र 2025-26 में बच्चों का कोर्स न पिछड़े, इसके लिए समय से चयन प्रक्रिया पूर्ण करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसको लेकर महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने दिसंबर 2024 से ऑनलाइन आवेदन लेने और चयन कार्रवाई करने का कार्यक्रम जारी किया है। प्रथम चरण में एक से 19 दिसंबर तक आवेदन होंगे 20 से 23 दिसंबर तक आवेदनों का सत्यापन, 24 दिसंबर को लॉटरी से स्कूल आवंटन और 27 दिसंबर को आवंटित स्कूलों की सूची जारी करनी होगी।
चार चरणों में पूरी होगी दाखिला प्रक्रिया
चरण आवेदन की तारीख लॉटरी तारीख प्रवेश
प्रथम एक दिसंबर से 19 दिसंबर 24 दिसंबर 27 दिसंबर
दूसरा एक जनवरी 25 से 19 जनवरी 24 जनवरी 27 जनवरी
तीसरा एक फरवरी से 19 फरवरी 24 फरवरी 27 फरवरी
चौथा एक मार्च से 19 मार्च 24 मार्च 27 मार्च
आरटीई के तहत जो व्यक्ति अपने बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराना चाहते हैं वह एक दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। पूरी कोशिश रहेगी कि इस साल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। -वीरेंद्र कुमार सिंह, बीएसए