सैदपुर। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के साथ मलेरिया का प्रकोप कम नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को ग्राम अगेही में सीएचसी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मलेरिया के 31 रोगी मिले। जिसमें 25 मरीजों में फैल्सीपैरम की पुष्टि की गई।
पिछले दो माह से कस्बे समेत आस-पास के गांव में डेंगू, वायरल बुखार, मलेरिया का भयंकर प्रकोप बना हुआ है। जिसमें दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। स्थिति काफी विकराल होती अगर समय रहते स्वास्थ्य विभाग ने कैंप न लगाए गए होते। इसके बावजूद जिला प्रशासन डेंगू का प्रकोप मानने को तैयार नहीं। मलेरिया के प्रकोप का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। मंगलवार को ग्राम अगेही में आयोजित शिविर कैंप में 125 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 90 लोगों का मलेरिया का परीक्षण किया गया। इसमें 31 मरीजों में मलेरिया की व 25 मरीजों में मलेरिया की घातक कैटिगरी फैल्सीपैरम की पुष्टि हुई। जबकि सोमवार को भी लगाए गए कैंप में 36 लोगों में मलेरिया और 19 में फैल्सीपैरम के रोगी मिले थे। स्वास्थ परीक्षण कैंप में डॉ. राजीव वार्ष्णेय, पूनम, जेबा खान, पूनम और सीमा मौजूद रहे।