श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के मैदान में हुआ ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर 19 क्रिकेट ट्रायल मैच का आयोजन किया गया। इसमें 44 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से अच्छा प्रदर्शन करने वाले 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया। अब इन खिलाड़ियों का बृहस्पतिवार को 50-50 ओवरों का क्रिकेट मैच खेला जाएगा। उनमें से 15 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देश पर दो अप्रैल तक अंडर-19 की टीम के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें 44 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। बुधवार को श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के मैदान पर बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा पहला ट्रायल मैच खेला गया। इसमें 44 में से तीन खिलाड़ी गैर हाजिर रहे। ऐसे में 41 खिलाड़ियों ने ट्रायल मैच में प्रतिभाग किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया। अब इन खिलाड़ियों को दूसरा ट्रायल मैच इसी मैदान पर बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। इसमें 50-50 ओवरों का मैच होगा। जिसमें से 15 खिलाड़ियों का चयन कर जिलास्तरीय अंडर-19 टीम बनाई जाएगी। सचिव संतोष बाबू शर्मा ने बताया कि इसमें बिसौली, सैदपुर, वजीरगंज, सहसवान, उझानी, ककराला, उसहैत, दातागंज आदि जगहों से खिलाड़ी आए हैं। इस मौके पर अध्यक्ष दीपक सक्सेना, आरपी सिंह, रवींद्र सिंह, अमरीश गोयल, राहुल चौबे आदि मौजूद रहे।