जरीफनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम मौरूवाला में मंगलवार रात एक बालक की ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। बालक उसी ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मंगलवार रात करीब नौ बजे ग्राम मौरूवाला निवासी भूरे अपने ट्रैक्टर ट्रॉली पर खेत से गन्ना लादकर ले जा रहे थे। ट्रॉली पर उनका चार वर्षीय बेटा अमित और अन्य लोग बैठे थे। परिवार वालों के मुताबिक ट्रॉली खेत से निकालते समय अचानक उसका पहिया गड्ढे में चला गया। इससे झटका लगते ही अमित नीचे जा गिरा और ट्रॉली के पहिये के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद परिवार वालों ने बालक को पहिये के नीचे से निकाला। उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से भूरे के परिवार में कोहराम मच गया। इस हादसे की सूचना पुलिस को बुधवार सुबह मिली, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।