कबूलपुरा धर्मस्थल का विवाद लटका
बदायूं। कबूलपुरा पांच पाकड़ धर्मस्थल का विवाद आज-कल पर आकर अटक गया है। स्थानीय लोग मामला सुलझाना चाहते हैं, जिससे बार-बार का विवाद खत्म हो लेकिन एक माह से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे लोगों से आज-कल की जा रही है। तब से न तो प्रशासन किसी नतीजे पर पहुंचा है और न ही विवाद का निपटारा हुआ है।
यह विवाद शहर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय कबूलपुरा स्थित पांच पाकड़ धर्मस्थल का है। एक समुदाय के लोगों का कहना है कि खाली पड़ी जगह धर्मस्थल की है, जबकि दूसरे समुदाय के लोग उसे सरकारी संपत्ति बता रहे हैं। एक पक्ष ने जगह पर बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए नींव खोदवाई थी लेकिन दूसरे समुदाय ने उसका विरोध शुरू कर दिया। उस समय सूचना पर अधिकारी पहुंचे थे। मामला शांत तो करा दिया गया लेकिन विवाद की जड़ खत्म नहीं हुई। इससे पहले भी यहां कई बार विवाद हो चुका है, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान होना पड़ा है। नींव खोदाई कराने के बाद कई बार मौके पर अधिकारी मीटिंग कर चुके हैं। जगह की नपत कराई जा चुकी है। पूरा मामला अधिकारियों के संज्ञान में है। इसके बावजूद मोहल्ले के लोग अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। लगातार विवाद सुलझाने के लिए तारीख लगाई जा रहीं हैं। दोनों समुदाय के लोग डीएम, एसडीएम कार्यालय दौड़ रहे हैं। 28 दिसंबर के बाद दो जनवरी तारीख लगाई थी। अब चार जनवरी को दोनों पक्ष डीएम कार्यालय बुलाए गए हैं।