फोटो- 24 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
द बर्निंग स्कूटी! बाल-बाल
बचे सैनिक समेत दो युवक
बाईपास पर अपराह्न स्कूटी में आग लगने से भगदड़
राहगीरों ने मिट्टी डालकर बुझाई आग
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। चलती स्कूटी में आग लगने से एक फौजी समेत दो दोस्त बाल-बाल बच गए। स्कूटी में आग साइलेंसर से निकली चिंगारी से लगी। मौके पर जमा हुए लोगों ने आधे घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह हादसा बाईपास पर रेन बसेरा के पास मंगलवार करीब तीन बजे हुआ। शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा के मूल निवासी योगेंद्र सिंह बरेली में रहते हैं। योगेंद्र सेना में हैं। वह अपने दोस्त अलापुर निवासी सुशील सिंह के साथ स्कूटी से कादरचौक क्षेत्र के गांव बोंदरी जा रहे थे। बाईपास पर स्कूटी के साइलेंसर में अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। स्कूटी सवार योगेंद्र और सुशील कुछ समझ पाते कि इससे पहले आग पेट्रोल टंकी तक पहुंच गई। योगेंद्र और सुशील रोकने के बाद जलती स्कूटी छोड़कर दूर भागे। स्कूटी जलती देख राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने मिट्टी डालकर करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। सड़क पर स्कूटी जलती देखकर इधर-उधर दोनों ओर वाहनों की लाइनें लग गईं। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।