जिला अस्पताल समेत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एक महीने से एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं थी। इसको लेकर जिला अस्पताल में कई बार हंगामा भी हुआ। शुक्रवार को जिले में 1300 एंटी रैबीज वैक्सीन वॉयल पहुंच गईं। स्वाथ्य विभाग के अफसर वैक्सीन सोमवार से लगाने की बात कह रहे हैं।
जिस दिन से जिले में एंटी रैबीज वैक्सीन गायब हुई है उस दिन से सैकड़ों लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। पहले जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म हुई। उसके बाद चार जून को जिला अस्पताल में भी वैक्सीन खत्म हो गई। वैक्सीन के लिए मरीजों ने प्रदर्शन किया तो जाम भी लगाया। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई रिमाइंडर भेजे गए। तब कहीं गुरुवार शाम स्वास्थ्य विभाग को 1300 एंटी रैबीज वैक्सीन वॉयल प्राप्त हुए। विभागीय अधिकारियों की माने तो 500 वॉयल जिला अस्पताल को मिले हैं। इनमें एक वॉयल से चार मरीजों को राहत मिलेगी। ऐसे में जिला अस्पताल को मिली वॉयल सिर्फ एक सप्ताह तक चल सकेंगी। ठीक इसी तरह 800 वॉयल जिले के स्वास्थ्य केंद्रों के लिए मिली हैं। यह 800 वॉयल 3200 लोगों के लिए होंगी।
ऊंट के मुंह में जीरा साबित होगी एंटी रैबीज वैक्सीन
जिला अस्पताल में एक माह से एंटी रैबीज वैक्सीन का अकाल था। अब 500 वायल मिली हैं, जो मरीजों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा साबित होंगी। मुश्किल से इन वॉयल से एक सप्ताह कटेगा। उसके बाद नए मरीजों को भटकना पड़ेगा।