फोटो--1, 2
हाई अलर्ट: स्टेशनों और
ट्रेनों में चेकिंग
घटपुुरी स्टेशन पर तीन संदिग्ध पकड़े गए, आरपीएफ ने पूछताछ के बाद चालान किया
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। मथुरा रेलवे स्टेशन को उड़ाने की आतंकी धमकी को लेकर बरेली मंडल के सभी स्टेशनों पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसी के तहत गुरुवार को जिले की सभी रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी ने चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान घटपुरी स्टेशन पर तीन संदिग्ध लोग पकड़े गए। पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान की शुरुआत घटपुरी रेलवे स्टेशन से शुरू की गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह के निर्देशन में एसआई विमल बाबू, सिपाही रामकुमार सिंह चौहान, भोलानाथ और जयपाल गुरुवार सुबह घटपुरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर मिले एक-एक व्यक्ति को चेक किया गया। उनका सामान चेक किया गया। इस दौरान तीन संदिग्ध लोग पकड़े गए। उनके पास न तो टिकट थे और न ही कोई सामान था। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बबलू पुत्र रामबाबू निवासी ग्राम मलूकपुर थाना हजरतपुर, नबी बक्श पुत्र नत्थू निवासी ग्राम डहरपुर खुर्द थाना दातागंज और मनवीर पुत्र राजाराम निवासी ग्राम अंबियापुर थाना बिनावर बताए। आरपीएफ ने तीनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147 तहत कार्रवाई की है। सूचना पर तीनों लोगों के परिवार वाले भी स्टेशन पहुंच गए। उनके आग्रह पर तीनों को जमानत पर छोड़ दिया गया। उन्हें सोमवार को बरेली रेलवे कोर्ट में हाजिर होने को कहा गया है।
इधर, गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे बदायूं रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह और जीआरपी थाना इंचार्ज नवनीत सिंह की अगुवाई में चेकिंग हुई। यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई। इस दौरान एक व्यक्ति ऐसा पकड़ा गया, जो बगैर टिकट रेलवे स्टेशन पर घूम रहा था। पूछताछ में उसने खुद को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि वह विधायक का करीबी है। इस पर उसने विधायक को फोन भी लगा दिया परंतु चेकिंग के दौरान टीम ने उसकी एक नहीं सुनी। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। इस चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने कहा कि मथुरा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद बरेली मंडल के सभी स्टेशनों पर अलर्ट जारी किया गया है। इसके लिए हमारी टीम लगातार चेकिंग कर रही है। ट्रेन आती है तो हर आने-जाना वाले को चेक कर रहे हैं।