बदायूं। रविवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने आरिफपुर नवादा, सालारपुर और शिकरापुर के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने आरिफपुर नवादा में बीएलओ से मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने मतदान बूथों का निरीक्षण करते हुए पाया कि आरिफपुर नवादा के मोहित और पूर्णिमा सही से मतदाता पुनरीक्षण कार्य नहीं रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि बीएलओं पर कड़ी निगरानी रखें। सभी बीएलओ फार्म तहसील में जमा करें। इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। बीएलओ मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहें। विशेष अभियान में ध्यान में जिन व्यक्तियों का नाम घटना, बढ़ना व सही होना है। उनका तुरंत फार्म भरवाकर जमा करें। एक जनवरी 2018 के अलावा जो व्यक्ति एक जनवरी 2019 में 18 साल आयु पूरी कर रहा है। उनका भी नाम रजिस्टर में दर्ज किया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की अपनी मतदाता सूची स्वयं संबंधित बूथ पर जाकर देख लें। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण करते समय ध्यान रखें कि मृतक व्यक्तियों व जिन लड़कियों की शादी हो गई है, उनका नाम सूची से तत्काल हटाएं। जिन लड़कों की शादी हो गई हैं, उनकी पत्नियों का नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं।
रविवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने ब्लाक जगत के गांव खेड़ा बुजुर्ग पहुंचकर राशन वितरण व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपने सामने राशन का वजन कराया जो ठीक मिला। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति बिना राशन के छूटना नहीं चाहिए। डीएम ने कहा कि गरीबों का हक मारने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को 20 किलों गेहूं व 15 किलो चावल दिया जाए। साथ ही गेहूं दो रुपये किलो व चावल तीन रुपये किलो की दर से दें। पात्र गृहस्थियों के कार्ड धारकों को प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल दिए जाने का मानक है। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण का अपने सामने वजन कराया। उन्होंने कोटेदार को निर्देश दिए कि पात्रता सूची गांव में जो लोग लेना चाहें उनको दे दी जाए। इससे पता चल जाएगा किसका नाम सूची में है या नहीं है। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर मिट्टी का तेल दो लीटर तथा अंत्योदय कार्ड पर साढ़े तीन लीटर वितरित किया जाए।
--------------
गैरहाजिर कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
बिल्सी। विगत 26 दिसंबर से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू हुए विधानसभा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर रविवार को सभी मतदान बूथों पर विशेष बूथ दिवस मनाया गया। जहां पर सभी बीएलओ मौजूद रहे। समस्याओं का मौके पर निराकरण भी किया गया। एसडीएम लाल बहादुर एवं तहसीलदार अवनीश कुमार त्यागी ने एनए इंटर कॉलेज, नन्नूमल जैन कालेज, डिग्री कालेज, एनए इंटर कॉलेज, नगर पालिका परिषद, सिरासौल, रिसौली, निजामपुर, जहांनाबाद, दबिहारी समेत 30 बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की। अकौली के बूथ संख्या 110 पर बीएलओ नेमपाल सिंह एवं पदाभिहीत अधिकारी किरन सिंह गैरहाजिर मिलीं। बूूथों पर गैरहाजिर मिले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इधर तहसीलदार अवनीश कुमार त्यागी ने क्षेत्र के राधेलाल इंटर कॉलेज कछला, अशर्फीदेवी इंटर कॉलेज, देवनागरी इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी एवं बितरोई के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। बूथों पर मिले बीएलओ से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति का वोट बनने से छूटना नहीं चाहिए। जिनकी आयु एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष पूरी हो गई है उनका वोट प्राथमिकता से बन जाए।