नायब तहसीलदार ने दर्ज
किए लोगों के बयान
वजीरगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना में हुए घपले की जांच को आए नायब तहसीलदार जितेश वर्मा ने लोगों के बयान दर्ज किए।
बता दें कि योजना में सर्वे के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये एवं दूसरी किस्त दिलाने के नाम पर दस-दस हजार रुपये लिए गये थे, जिसकी शिकायत नगरवासियों द्वारा नगर पंचायत प्रशासन, एसडीएम बिसौली और एडीओ से की गई थी। एडीओ ने नगर पंचायत ईओ शिवलाल राम को जांच करने को कहा था। ईओ ने जांच में योजना के पात्रों से रुपये लिए जाने की बात को सही पाया। डूडा का जेई जब पात्रों से रुपये लेने आया तो पात्रों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन पुलिस ने विभागीय मामला बताकर उसे बिना कार्रवाई करे छोड़ दिया। अमर उजाला में यह खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम बिसौली को जांच के आदेश दे दिए थे। शनिवार को एसडीएम बिसौली ने नायब तहसीलदार जितेश वर्मा को जांच के लिए भेजा, जिसके तहत उन्होंने पात्रों के बयान दर्ज किए। इधर अंतरराष्ट्रीय योगी सेना के अध्यक्ष आकाश सक्सेना ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।