विशेष सचिव ने मारपीट करने वाले किसानों के सट्टे रोके
बदायूं। गन्ना क्रय केंद्र गुलड़िया तृतीय पर मिल कर्मचारियों के साथ एक और चार जनवरी को गाली गलौज, मारपीट के दो मामले सामने आए थे। इसकी शिकायत कर्मचारियों ने अधिकारियों से की थी। जांच में मामले सही पाए जाने के बाद मारपीट करने वाले पांच किसानों के सट्टे विशेष सचिव के निर्देश पर बंद कर दिए गए हैं। गुलड़िया में लगे यदु शुगर मिल के कांटे पर कुछ किसानों ने मिल के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। कर्मचारियों से हुई घटना की जानकारी चीनी मिल के महाप्रबंधक तक पहुंची। वहां पर जांच होने के बाद में बिसौली चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक (गन्ना) ने अपनी रिपोर्ट विशेष सचिव, सहकारी गन्ना विकास समिति को भेजी। इसमें उन्होंने बताया कि एक जनवरी को क्रय केंद्र गुलड़िया तृतीय पर दुर्विजय सिंह निवासी गुलड़िया, चार को क्रय केंद्र आमगांव तृतीय पर अंकित राठौर, वीरपाल सिंह, विपिन और अरविंद गांव बरातेगदार द्वारा मिल कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। ऐसे में सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव की ओर से इन किसानों के सट्टे बंद करने के लिए निर्देश दिए हैं।