बिसौली। नगर के डीपॉल स्कूल में शनिवार को अध्यापक-अभिभावक मीटिंग के दौरान करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। अभिभावक स्कूल में अव्यवस्थाएं होने का आरोप लगा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर अभिभावक शांत होकर घर चले गए।
शनिवार को डीपॉल स्कूल में अध्यापक-अभिभावक संघ की बैठक थी। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य फादर जॉनसन से स्कूल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की शिकायत की। आरोप था कि स्कूल बसों में बच्चों को ठूंसकर भरा जाता है। दोपहर एक बजे छुट्टी होने के बाद भी बस बच्चों को शाम चार बजे तक बस घर छोड़ती है। बस वाले बच्चों को प्वाइंट से अलग छोड़कर चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना होने की आशंका भी रहती है। आरोप था कि बच्चों की कापियां भी ठीक से चेक नहीं की जाती हैं। स्कूल टीचर जांच के दौरान गलत को भी सही नहीं कराते हैं।
इसके जवाब में प्रधानाचार्य जॉनसन ने कहा कि हमारे यहां तो व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। यदि परेशानी है तो अपने बच्चों का नाम कटवाकर ले जा सकते हो। इस पर अभिभावकों के गुस्से का लावा फूट पड़ा और हंगामा करने लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शासन से रोक के बावजूद स्कूल में एनुअल चार्ज और एडमीशन फीस के नाम पर वसूली की जा रही है। हंगामा ज्यादा बढ़ने पर प्रधानाचार्य ने कोतवाली पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करके लोगों को शांत किया। इस मामले में के प्रधानाचार्य / फादर जॉनसन ने बताया कि स्कूल की व्यवस्थाएं बिल्कुल ठीक हैं। कुछ लोग जबरन हंगामा कर रहे थे।