सड़क हादसे में साइकिल
सवार युवक की मौत
नगर में ब्यौली तिराहे पर हुआ हादसा, चालक डीसीएम लेकर भाग गया
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज (बदायूं)। नगर के ब्यौली तिराहे पर दवा लेकर लौट रहे साइकिल सवार युवक को डीसीएम ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे उसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इससे मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
25 वर्षीय विष्णु पुत्र नेमचंद वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम न्यौली निवासी था। वह कई दिन से बीमार चल रहा था। रविवार दोपहर के समय विष्णु साइकिल लेकर नगर में दवा लेने आया था। लौटते समय ब्यौली तिराहे के पास सामने से आई डीसीएम ने युवक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को देखकर आस-पास मौजूद लोग भाग खड़े हुए लेकिन तब तक चालक डीसीएम लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान विष्णु की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। विष्णु पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।
इंसेट--
बोलेरो की टक्कर से भाई-बहन घायल
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम रिजौला निवासी 15 वर्षीय सोनू और 16 वर्षीय बीना दोनों भाई-बहन दवा लेने उसावां गए थे। लौटते समय विचपुरिया गांव के पास बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।