एमएफ हाईवे पर पेड़ से टकराई बाइक, महिला की मौत
पति समेत तीन घायल, ससुराल से मायका जा रही थी महिला
उझानी में पिकअप पलटने से चार बाराती घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। एमएफ हाईवे पर बाइक सवार दंपति को रोडवेज बस ने साइड मार दी, जिससे उछली बाइक पेड़ से टकरा गई। जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पति समेत तीन लोग घायल हो गए। वहीं उझानी में कादरचौक रोड पर बारातियों से भरी पिकअप पलटने से चार लोग घायल हो गए। घायल बाराती कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
उझानी। यहां हादसा कादरचौक रोड पर गांव खिरिया वाकरपुर के पास हुआ। कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव बरौना से बुद्धपाल के बेटे गिरीश की बारात कोतवाली क्षेत्र के गांव मल्लामई में रविवार शाम आई थी। जहां से दुल्हन विदाई के बाद परिजन दहेज का सामान पिकअप में लादकर घर लौट रहे थे। तभी खिरिया वाकरपुर मोड़ के पास अचानक चालक पिकअप पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों पर काम रहे लोग मौके पर दौड़ आए। उन्होंने घायलों को पिकअप से बाहर निकाला। घायलों में दूल्हे का ताऊ प्रेमपाल (45), उसी के परिजन अंगनलाल (65), सोनू (30) और नन्हे लाल (45) शामिल हैं। घायलों में नन्हे की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में नन्हे समेत तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा स्थल पर पुलिस पहुंची तो घायल बारातियों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। वजीरगंज। चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करेली निवासी इंद्रजीत की ससुराल कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बल्लिया में है। रविवार देर रात इंद्रजीत, पत्नी मिथलेश (24), चार वर्षीय बेटी प्रिया और 28 वर्षीय साले दुर्विजय के साथ बाइक पर ससुराल आ रहे थे। रास्ते में सोई भट्ठे के पास पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक में साइड मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में मिथलेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इंद्रजीत, प्रिया और दुर्विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उस समय बाइक दुर्विजय चला रहा था। हादसे को देखकर भट्ठे पर मौजूद मजदूर भाग खड़े हुए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार दोपहर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद से महिला के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
--
ट्रेन से कटकर मरा युवक शाहजहांपुर का निकला
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व ट्रेन की चपेट में आने मरे युवक की शिनाख्त हो गई है। युवक देव सिंह पुत्र सूबेदार ग्राम कुड़रिया थाना परौर जिला शाहजहांपुर का निवासी था। वह करीब 15 साल से नगला शर्की में एक व्यक्ति के यहां रह रहा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शिनाख्त बड़े भाई मोरपाल ने की। शव की पहचान होने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस सोमवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। ब्यूरो