कुपोषण की समस्या दूर करेगा प्रीमिक्स लड्डू
नमकीन, मीठा दलिया के साथ वीनिंग फूड भी शामिल
जल्द ही पहुंचेगा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्टॉक
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। प्रदेश सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद भी कुपोषण की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। इसको देखते हुए सरकार ने कुपोषण को दूर करने के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। अब कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं के लिए प्रीमिक्स लड्डू, वीनिंग फूड और नमकीन दलिया दिया जाएगा। इससे उनके सेहत में सुधार आ सके गा।
सपा सरकार की ओर से कुपोषण मिटाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीरी योजना का शुुुभांरभ किया गया था। लेकिन पंजीरी योजना के शुरु होते ही उनमें दलाल हावी हो गए और कुपोषण, गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली पंजीरी खुले बाजार में ब्लैक में बिकने लगी। साथ ही वह पोषाहार पशुओं का आहार बन गयी। वहीं सत्ता परिर्वतन होने के साथ ही प्रदेश सरकार ने पोषाहार में एक बड़ा बदलाव किया है। इस योजना में अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर छह वर्ष के बच्चों के साथ गर्भवती और किशोरियों को कुपोषण से बचाने के लिए नमकीन व मीठा दलिया, प्रीमिक्स लडड़् और वीनिंग फूड शामिल किया गया है। नए पोषाहार में वह सभी विटामिन और पोषक तत्व है, जो बच्चों के सेहत के लिए लाभदायक है।
नए आंगनबाड़ी केंद्रों का हो रहा निर्माण
जिले में कई नई आगंनबाड़ी केद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं के खाली पदों पर जल्द ही भर्ती करायी जाएगी। इसके अलावा सरकारी योजनाएं भी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित करने की योजना बनाई जा रही है।
शासन की ओर से कुछ बदलाव किया गया है। इसके तहत कुपोषण मिटाने के लिए अब नमकीन व मीठा दलिया, प्रीमिक्स लडड़् और वीनिंग फूड दिया जाएगा। -भोला नाथ गंगवार, डीपीओ