बदायूं। नारी सुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को भी जिले भर में कार्यशाला और गोष्ठियों के माध्यम से बेटियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कहीं रैली निकाली गई तो कहीं प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए।
राजाराम बालिका इंटर कॉलेज में एएसपी सिटी कमल किशोर, सीओ सिटी वीरेंद्र यादव और महिला थानाध्यक्ष ने छात्राओं को महिला अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। महिला सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न सेवाओं जैसे- यूपी 100, वूमेन पॉवर लाइन-1090, एंटी रोमियो स्कवॉयड आदि के बारे में बताया। एसपी सिटी ने सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। यहां ताइक्वांडो टीम ने भी आत्मरक्षा के गुर सिखाए।
बीआईएमटी कॉलेज में महिला सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। यहां एसपी सिटी कमल किशोर ने महिलाओं की सुरक्षा को बनाए गए कानूनों की जानकारी दी। सीओ सिटी वीरेंद्र यादव ने महिला सुरक्षा पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सलाह दी कि छात्राएं घर से निकलते समय सावधानी बरतें और परेशानी आने पर अपना धैर्य बनाए रखें। इंस्पेक्टर सिविल लाइन देवेश सिंह ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होने की सलाह दी। ताइक्वांडो प्रशिक्षक विपिन तोमर ने छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा के तरीके सिखाए। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक अक्षज रस्तोगी, प्राचार्य उमेशपाल सिंह, नियंत्रक ओमशंकर शर्मा एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
उसावां। कस्बे के स्वामी धूमऋषि इंटर कॉलेज में छात्राओं को आत्म सुरक्षा के गुर सिखाए गए। साथ ही महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। बृहस्पतिवार को सीओ दातागंज एसके सिंह ने छात्राओं से कहा कि छेड़छाड़ जैसे मामले में पीड़ित घटना छुपाने के बजाय सीधे वूमेन पॉवर लाइन या यूपी 100 पर तत्काल फोन कर सहायता लें। थानाध्यक्ष हरिभान सिंह ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए कई सेवाएं चलाई जा रही हैं। इससे पहले एसआई लक्ष्मण चंद राजभर और संजय सिंह ने छात्राओं को आत्मसुरक्षा के तरीके बताए। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कस्बे में नारी सशक्तीकरण जागरूकता रैली निकाली गई। पुष्प कुंज भगवान दास कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी नारी सुरक्षा के तहत रैली निकाली।
कादरचौक। स्थानीय कस्तूरबा स्कूल में सीओ भूषण वर्मा ने छात्राओं को 1090 और 100 सेवा की जानकारी दी। साथ ही पॉवर एंजल के गठन के लिए पंजीकरण फार्म भी उपलब्ध कराये। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने भी नारी सुरक्षा पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बीईओ प्रवीण शुक्ला, केपी शाक्य,वार्डन गीता पाल आदि रहे।
बिल्सी। महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कॉलेज में एसपी आरए डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आत्म सुरक्षा में किया गया हमला अपराध की श्रेणी में नहीं आता। डिप्टी एसपी आरएस राठौर ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने छात्राओं को शक्ति देने के लिए शक्ति परी योजना चलाई है। जिसके माध्यम से छात्राएं पुलिस से जुड़ कर समाज में महिलाओं और बच्चों पर होने वाले अपराध को कम कर सकती हैं। एसओ केजी शर्मा, कॉलेज की प्राचार्य डॉ.वसुधा श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डॉ.रतनदीप शर्मा, डॉ.पंकज कुमार, डॉ.सतीश सिंह, शाहबुद्दीन अली, डॉली, आराधना वर्मा, नीता सक्सेना, मीनू बलियान, रिहाना आदि मौजूद रहे।