सब स्टेशनों की लाइनें दुरुस्त, शहर को भी मिला उजाला
सोमवार की रात जिले में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने बिजली विभाग को 20 लाख से भी अधिक का नुकसान पहुंचाया है। रात में की गई मशक्कत में बिजली विभाग ने सोमवार की रात को ही आधे शहर की लाइनों को चेक कर बिजली सप्लाई शुरू करा दी। बाकी शहर में 20 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
अधीक्षण अभियंता मधुप श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अभी भी विभागीय अधिकारी लाइनें दुरुस्त करने में लगे हैं। सोमवार की रात तूफानी हवाओं के साथ हुई बारिश में बिजली विभाग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। एक अनुमान के अनुसार बीस लाख के करीब बिजली विभाग का नुकसान हुआ है। अब तक की मशक्कत में सभी सब स्टेशनों को जोड़ने वाली बिजली लाइनें ठीक कर दी गईं हैं। कुछ फीडर पर दिक्कतें अभी भी बरकरार हैं जो दिन-रात बिजली विभाग कर्मचारी लगकर दुरुस्तीकरण में लगे हुए हैं।
-----
इंमरजेंसी कटौती खत्म हुई
बदायूं। अधीक्षण अभियंता मधुप श्रीवास्तव ने बताया कि सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रयास से जिले को इमरजेंसी कटौती से मुक्त करा दिया गया है। अब निर्धारित शेड्यूल पर ही जनता को बिजली मिलेगी। इससे उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिलेगी। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि समय पर बिल भुगतान और बिजली चोरी से बचें तो जिले में और अच्छी बिजली व्यवस्था हो सकती है।
-----
जिला अस्पताल में मरीज रहे परेशान
बदायूं। तेज हवा और बारिश के दौरान जिला अस्पताल में एक पोल गिर गया। इससे बिजली सप्लाई बाधित हो गई। गर्मी में मरीज और तीमारदार दोनों ही परेशान हुए। मंगलवार शाम तक बिजली दुरुस्त न होने पर तीमारदारों ने सीएमएस से गुस्से का इजहार किया। वहीं जेनरेटर न चलने से मरीजों का गर्मी के मारे बुरा हाल हो गया। गौर करने वाली बात ये है कि जिला अस्पताल की ब्लड यूनिट में शिविर लगने के बाद भी दोपहर एक बजे ही जेनरेटर बंद कर दिया गया। इससे रक्तदान करने वाले भी पसीने पोछते नजर आए।