जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। मंगलवार को एक महिला समेत दो लोगों की बुखार से मौत हो गई। एक जान दातागंज में और एक अलापुर में गई है। अलापुर में सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में हैं।
अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी प्रेमपाल कश्यप की पत्नी शोभा देवी (45) को कई दिन से बुखार का रहा था। स्थानीय डॉक्टर के इलाज से फायदा न होने पर परिवार वालों ने शोभा को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान मंगलवार को शोभा की मौत हो गई। बुखार से मौत का दूसरा मामला दातागंज का है। कस्बे के मोहल्ला बुध बाजार निवासी दीपू (22) पुत्र नन्हे को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवार वाले स्थानीय डॉक्टर से ही इलाज करा रहे थे। मंगलवार को दीपू की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ला रहे थे। इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।