प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती के तहत चल रही चयन प्रक्रिया में शेष बचे हुए अभ्यर्थियों की छठी सूची तैयार की जा चुकी है। जिला स्तरीय कमेटी की मुहर भी लग गई है। डायट संस्थान अब जिलाधिकारी से अनुमोदन की तैयारी कर रहा है।
प्रदेश में चल रही 72,825 टीईटी मेरिट भर्ती प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। जिले की बात करें तो 193 पद अभी रिक्त बचे हैं। हालांकि पांच चयन काउंसिलिंग कराकर नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं। प्रशिक्षु शिक्षकों ने ज्वाइन करने के बाद तीन महीने का क्रियात्मक प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया है। सैद्धांतिक के लिए दिशानिर्देश का इंतजार है।
वहीं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ने छठी सूची भी तैयार कर ली है। डायट प्राचार्य आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि जिले में 193 पद बचे हैं। इनकी सूची तैयार कर ली गई है। जिला स्तरीय कमेटी की मुहर भी लग गई है। जिलाधिकारी से अनुमोदन कराए जाने की तैयारी की जा रही है। चूंकि बीच में शिक्षामित्रों के समायोजन का कार्य आदि के चलते विलंब हो गया। शर्मा ने बताया कि सूची अनुमोदन होने के बाद चयन सूची बीएसए कार्यालय को सौंप दी जाएगी। शासन की गाइडलाइन के तहत कार्य किया जा रहा है।