बदायूं। शासन की ओर से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना शुरू की गई है। इसके तहत कलक्ट्रेट में मुफ्त टूल किट व प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। इसमें जनप्रतिनिधि व डीएम के माध्यम से पात्र लोगों को निशुल्क टूल किट व प्रमाण पत्र दिए गए।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत स्वरोजगार के लिए कुल 200 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। इसमें 20 लाभार्थी मुख्यमंत्री के हाथों से टूल किट प्राप्त कर चुके हैं। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार सभी हुनरमंदों को रोजगार उपलब्ध करा रही है। बिना बिचौलिए के लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे धनराशि भी भेजी जा रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के आधार पर विकास कर रही है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि हुनरमंदों को बैंक से ऋण भी दिलाया जाएगा, ताकि वे अपना रोजगार कर अपना जीवन यापन बेहतर तरीके से कर सकें। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों के लिए प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार कई अवसर दे रही है। इस अवसर पर सीडीओ निशा अनंत, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर आदि मौजूद रहे।