मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मंगलवार तड़के दूध के टैंकर और रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई, जिसमें टैंकर के हैल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। टैंकर चालक को बरेली रेफर किया गया है। बाकी घायल जिला अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस ने हैल्पर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों के हवाले कर दिया।
यह हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोई की पुलिया के पास मंगलवार सुबह हुआ। उस समय टैंकर मेरठ से दूध पहुंचाकर शहर लौट रहा था। जबकि रोडवेज बस बदायूं से सवारियां लेकर चंदौसी जा रही थी। सोई की पुलिया के नजदीक रोडवेज बस ने किसी वाहन से ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रहे दूध के टैंकर से जा टकराई। इस हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और चालक 35 वर्षीय सुनील निवासी ग्राम मरौरी थाना उसावां गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि हैल्पर 20 वर्षीय सत्यवीर पुत्र राजेश्वर निवासी ग्राम ईशापुर थाना अलापुर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में फैजगंज बेहटा से शहर जाने के लिए टैंकर में सवार हुए श्याम सिंह (50) निवासी पाठकपुर थाना फैजगंज बेहटा और रोडवेज बस में सवार शिवरतन (29) पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम डहरपुर कोतवाली दातागंज घायल हो गए। बाकी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक घटनास्थल पर एकत्र लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया और सभी को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां से टैंकर चालक सुनील को बरेली रेफर कर दिया गया। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हैल्पर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम हुआ, उसके बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया।
इधर, परिजनों ने बताया कि सत्यवीर ग्राम अट्ठर्रा थाना अलापुर निवासी अतर सिंह की डेयरी पर काम करता था। वह तीन भाइयों में मझला था। वह टैंकर पर कैसे पहुंच गया। इस बात से परिवार वाले हैरान हैं। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दूध का टैंकर अपनी साइड में था। रोडवेज बस चालक ने किसी वाहन से ओवरटेक करने का प्रयास किया होगा। तभी यह हादसा हुआ था। बाकी तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर वजीरगंज