कलेक्ट्रेट सभागार में उधोग बंधु की बैठक लेते डीएम दिनेश कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीएम दिनेश कुमार सिंह ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि जिले में चलने वाले ऑटो, ई रिक्शा की एक साइड बंद कराई जाए। इससे दोनों ओर से सवारियां नहीं उतर सकें।
सोमवार को कलक्ट्रेट में उद्योग बंधु की बैठक में सदस्यों के सुझाव पर डीएम ने कहा कि ऑटो और ई रिक्शा की दोनों साइड खुली होने के कारण सवारियां दोनों ओर से उतरती हैं। इससे दुर्घटना की अधिक आशंका बनी रहती है। पुलिस विभाग मंगलवार को अभियान चलाकर ऑटो और ई रिक्शा की एक साइड बंद कराए। शहर में बिछाई गई भूमिगत केबिल के बॉक्स को सड़क किनारे लगाए जाने पर बैठक में आपत्ति जताई गई। डीएम ने उपायुक्त उद्योग, बिजली विभाग के अभियंता, दो व्यापरियों की टीम बनाकर कहा कि पर्याप्त स्थान होते हुए भी सड़क किनारे लगे सभी बॉक्सेज का चिह्नीकरण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इससे संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर उन्हें पीछे हटवाया जा सके। डीएम ने शहर में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए औपचारिकताएं शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गांधी ग्राउंड में स्थित बंद पड़े सामुदायिक शौचालय की स्थिति सुधारने व सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीडीओ शेषमणि पांडेय सहित, उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे।