बिल्सी में अतिक्रमण हटाती जेसीबी मशीन।
- फोटो : अमर उजाला
बिल्सी। स्थानीय नगर पालिका परिषद प्रशासन ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को नगर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। इसमें कई स्थानों पर अतिक्रमण का विरोध करने पर तीखी नोकझोंक भी प्रशासन को झेलनी पड़ी। इस दौरान पालिका के ईओ मुकेश जौहरी के साथ कुछ व्यापारियों की तीखी नोकझोंक होने पर पालिका के कुछ सफाई कर्मियों ने एक युवक की पीट दिया। बाद में थाने में जाकर मामला शांत हुआ।
नगर पालिका प्रशासन ने 20 दिसंबर से नगर के अंबियापुर चौराहे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। थाना मोड़ कर अतिक्रमण हटाते नगर पालिका प्रशासन को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई, सभी ने अपनी दुकानों के आगे से आसानी से इसको साफ करा दिया। जैसे ही जैन बाजार में पालिका टीम अतिक्रमण हटाने के लिए आगे बड़ी तो कुछ लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। साथ ही पालिका के ईओ मुकेश जौहरी से काफी कहासुनी भी हो गई। इसके बाद कुछ सफाई कर्मियों एवं व्यापारियों में झगड़ा शुरू हो गया। जिसे पुलिस ने शांत करा दिया। इस दौरान युवक आशीष जैन घायल हो गया। साथ ही पालिका के कुछ कर्मियों को भी चोट लगी। बाद में कोतवाली में दोनों पक्षों के मध्य समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया। एसडीएम लाल बहादुर एवं सीओ आरएस राठौर ने बताया कि अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी नेता अजीत सक्सेना एवं युवा नेता शाहनवाज अल्वी ने खुशी जताई है। उनका कहना है कि इससे राहत मिलेगी।