बदायूं। बीएड की फर्जी मार्कशीट लगाकर नौकरी करने वाले शिक्षकों को विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। हालांकि कई शिक्षक नाम प्रकाश में आने के बाद से ही अपने स्कूलों से गायब बताए जा रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर इन सभी शिक्षकों से जवाब मांगा गया है।
प्रदेश में डॉ.भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से फर्जी बीएड की मार्कशीट लगाकर 45 सौ से ज्यादा अभ्यर्थियों ने सहायक अध्यापक की नौकरी पा ली। शिकायत के बाद एसआईटी ने जांच में यह मामला पकड़ा। एसआईटी ने सभी जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को फर्जी शिक्षकों की सीडी जारी की थी। उसी सीडी के आधार पर बदायूं में जब जांच की गई तो 88 फर्जी शिक्षक प्रकाश में आए। इनमें से 43 शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने अंतरजनपदीय स्थानांतरण नीति के तहत विभिन्न जिलों को तबादला करा लिया था। बदायूं में 45 अब भी कार्यरत बताए गए हैं।
इस बारे में बृहस्पतिवार को बीएसए पीसी यादव ने बताया कि उन सभी शिक्षकों को शासन से मिले प्रोफार्मा पर नोटिस जारी कर दिया गया है। सभी से एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा गया है। बाद में आगे की कार्रवाई होगी। जो जिले से बाहर चले गए हैं उन्हें वहां के बीएसए को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है।