कादरचौक (बदायूं)।रुहेलखंड में मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्घ ककोड़ा मेला रविवार को झंडी स्थापना और हवन-पूजन के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस अवसर पर पूरा प्रशासनिक अमला ककोड़ा मेला में मौजूद रहा। मेले में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व पीएसी लगाई गई है। अबकी बार मेला में खुफिया निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए हैं। हालांकि मेले का उद्घाटन तीन नवंबर को होगा।तैयारियों के बीच रविवार को सबसे पहले सुबह करीब 11 बजे जिला पंचायत के एएमए अशोक यादव और उनकी टीम ने सिद्धपीठ मां ककोड़ा देवी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मंदिर से ध्वज लेकर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा मेला स्थल पहुंचे, जहां गंगा तट पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा, डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी चंद्र प्रकाश, एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, मेला अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट पारसनाथ मौर्य ने हवन पूजन किया और गंगा मैया को दुग्धाभिषेक कर झंडी स्थापित की। झंडी स्थापना के साथ मेला ककोड़ा का विधिवत शुभांरभ हो गया। पूजा-अर्चना शास्त्री मनोज शर्मा ने संपन्न कराए। इसके बाद में डीएम एसएसपी ने मेला ककोड़ा के तैयारियों की समीक्षा की।