बदायूं।
दो डॉक्टरों के खिलाफ ड्यूटी से गायब रहने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद जिला अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीज तड़प रहे थे और डॉक्टर गायब थे। जिला पुरुष और महिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर बैठना नहीं चाहते। मरीज परेशान हों लेकिन इससे उनको कोई मतलब नहीं रहता। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर के इंतजार में बैठे दर्जनों मरीज रविवार दोपहर लगभग दो बजे कराह रहे थे, यहां से गुजर रही स्टॉफ नर्स से डॉक्टर के आने की जानकारी की गई तो उसे भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। कोतवाली के कबूलपुरा निवासी जहांगीर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन इमरजेंसी वार्ड में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। ऐसे ही कई और मरीजों को इलाज के लिए डॉक्टर उपलब्ध नहीं हुए।
----
आए दिन रहती है यही समस्या
जिला पुरुष और महिला अस्पताल से डॉक्टर गायब रहने का मामले आए दिन सामने आते हैं। कई बार डॉक्टर न होने के चलते मरीजों ने हंगामा भी किया, लेकिन डॉक्टर नहीं सुधरे। सीएमओ का निरीक्षण जिला अस्पताल में हवा-हवाई होता है। टीम के पहुंचने से पहले ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाती हैं और चेतावनी देकर मामला रफादफा कर दिया जाता है।
---
कोट...
डॉॅ. राजेश वर्मा की ड्यूटी बताई गई है। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर कहां गायब थे, मामले की जांच कराई जाएगी। उसी आधार पर कार्रवाई होगी।
-डॉ. आरएस यादव, सीएमएस