बिल्सी। जिले में लगातार हो रही बारिश अब काल बनने लगी है। मंगलवार तड़के बारिश की वजह से बिल्सी थाने के गांव खैरी में एक मकान की छत ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम बिल्सी हरीशंकर लाल शुक्ला और सीओ एके पांडेय ने गांव पहुंच कर मौका मुआयना किया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही है।
जिले में तीन चार दिन से रात में रोज बारिश हो रही है। सोमवार की रात भी कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बीच मंगलवार तड़के बिल्सी थाने के गांव खैरी में पश्चिमी ईदगाह के पास बने कमरुद्दीन के कच्चे मकान की छत ढह गई। कमरुद्दीन बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करता है। यहां घर में उसकी पत्नी अमीना बेगम और चार बेटियां रहती हैं। मकान की छत ढहने से कमरुद्दीन की पत्नी अमीना बेगम (42) बेटी निदा (14), नन्ही (18) और निशा (16) मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाने के बाद जब तक इन लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक अमीना बेगम और 14 वर्षीय निदा की मौत हो चुकी थी। नन्ही और निशा घायल हो गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों शव पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। सूचना पर एसडीएम बिल्सी हरीशंकर लाल शुक्ला और सीओ एके पांडेय भी खैरी पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को शासन से मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। मां-बेटी की मौत से परिवार में कोहराम है।
---------
देर से पहुंची एंबुलेंस, ग्रामीणों का हंगामा
बिल्सी। हादसे के तुरंत बाद ही गांव के लोगों ने एंबुलेंस 108 को फोन कर दिया था। इसके बावजूद एंबुलेंस मौके पर करीब दो घंटे के बाद पहुंची। इस पर गांव के लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले दोनों घायलों को निजी वाहन से सीएचसी भेजा जा चुका था।
-------
दैवीय आपदा कोष से मिलेगी मदद
बिल्सी। एसडीएम हरीशंकर लाल शुक्ला ने बताया कि कमरुद्दीन के परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। यह दैवीय आपदा है। संबंधित लेखपाल और राजस्व निरीक्षण को रिपोर्ट बना कर देने के लिए कहा गया है। एसडीएम का कहना है कि कोशिश होगी की पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक मदद मिल जाए।
-------
फोटो-11
छत गिरने से किसान घायल, बकरी मरी
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बादल में मंगलवार सुबह बारिश की वजह से गांव के गुलजारी पुत्र रामचंद्र के कच्ची मकान की छत गिर गई। इसमें गुलजारी घायल हो गया। छत गिरने से इसके मलबे में दबकर एक बकरी की भी मौत हो गई। हादसे के बारे में सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है।