बदायूं। वक्फ की जमीन पर चल रहे निर्माण को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच तकरार हो गई। निर्माण का विरोध करने पहुंचे मुतवल्ली की भी यहां काम करा रहे लोगों से झड़प हुई। बाद में पुलिस ने मामले को संभाला। फिलहाल मौके पर निर्माण रुकवा दिया गया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला वेदो टोला के आरिफ रईस नेकपुर में संतोख सिंह तिराहे के पास स्थित वक्फ भूमि के मुतवल्ली हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आरोप लगाया था कि कुछ लोग वक्फ की इस जमीन पर अवैध रूप से निर्माण करा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट से भी इसकी शिकायत की गई थी। मंगलवार को आरिफ सईद अपने पक्ष के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण का विरोध किया। इस पर झड़प हो गई। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले में किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। इस पर सिविल लाइंस से चीता मोबाइल पहुंच गई। फिलहाल निर्माण करा रहे लोगों ने यहां काम बंद कर दिया है। मुतवल्ली आरिफ रईस ने निर्माण कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ वक्फ संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
---------
पक्का बाग में सामान्य हो गए हालात
बदायूं। शहर कोतवाली के मोहल्ला पक्का बाग में हालात अब पूरी तरह से सामान्य हो गए हैं। यहां एक धर्म स्थल के पास जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों ओर से पत्थरबाजी भी हुई। एक पक्ष के लोगों का आरोप था कि यह निर्माण कब्रिस्तान की जमीन पर कराया जा रहा है। कुछ लोगों ने यह निर्माण ढहा दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया था। मामले में पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई भी की। पुलिस ने मौके पर काम रुकवा दिया है। यहां अब हालात सामान्य हैं।