उझानी (बदायूं)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का शनिवार को रिजल्ट आते ही यहां कई कॉलेजों और स्कूलों में खुशी का माहौल रहा। देवनागरी इंटर कॉलेज, हरबिलास गोयल इंटर कॉलेज और संतोष कुमारी श्रवण कुुमार अग्रवाल इंटर कॉलेज का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। मेधावी छात्र ओर छात्राओं को शिक्षक और शिक्षिकाओं ने मुंह भी मीठा कराया। अच्छे नंबर पाकर बच्चे खुशी से उछल पड़े।
देवनागरी इंटर कॉलेज में रिजल्ट देखने के लिए पूर्वाह्न से बच्चे जुटना शुरू हो गए। कॉलेज की ओर से कंप्यूटर पर रिजल्ट दिखाने के लिए शिक्षिकाओं को पहले से बैठा दिया गया। रिजल्ट आया तो मेधावी बच्चों में जश्न का माहौल नजर आया। प्रधानाचार्य राममोहन शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल में उनके कॉलेज के सभी 85 और इंटर के सभी 65 बच्चे अच्छे नंबरों से पास हुए हैं। इंटर में 43 बच्चों ने प्रथम श्रेणी अंक अर्जित की है। हरबिलास गोयल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोपाल शर्मा ने बताया कि इंटर में उनके कॉलेज के धर्मेंद्र वर्मा और प्रशांत यादव ने नाम रोशन किया है। इंटर की तरह ही हाईस्कूल का रिजल्ट भी शानदार रहा है। संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज इंटर के आधे से अधिक स्टूडेंटस ने प्रथम श्रेणी अंक हासिल किए हैं। प्रधानाचार्य रामसिंह राजपूत के मुताबिक- हाईस्कूल में कॉलेज के अजय सिंह चौहान ने टॉप टेन की सूची में स्थान पाया है। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा एकता रानी टॉप टेन की सूची में स्थान पाने में सफल हुई है। इसके अलावा भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज, विमला हरिभगवान अग्रवाल इंटर कॉलेज विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और आदर्श शिक्षा निकेेतन इंटर कॉलेज में भी रिजल्ट आने के बाद खुुशी का माहौल रहा।