उझानी (बदायूं)। एक शाम सांवरे के नाम से पहले खाटू नरेेश श्री श्याम प्रभु के भक्तों ने शनिवार को जजपुरा स्थिति मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान समां बांध दिया। श्याम बाबा को पहले पोशाक पहनाई गई फिर शृंगार किया। करीब चार घंटा तक चले संकीर्तन के दौरान भजनों की रसधार में सराबोर भक्तों के साथ महिलाएं भी झूम उठीं।
जजपुरा स्थित खाटू नरेश के मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत सुबह में आठ बजे हुई। श्याम बाबा के भक्तों ने मंदिर परिसर को मनमोहक ढंग से सजाया। धार्मिक रीति रिवाज से श्याम बाबा को पोशाक पहनाई गई। पोशाक पहनाते समय महंत के अलावा पांच भक्तों की टोली ही परिसर में रही। मूर्ति का शृंगार भी किया गया। शृंगार के समय महिलाएं संकीर्तन करती रहीं। बाद में भक्तों में दीपक गर्ग, विजय गर्ग, कार्तिक अग्रवाल, नयन गर्ग और मिषि वार्ष्णेय ने खाटू नरेश के गुणगान से सराबोर भजन सुनाकर भक्तों को सराबोर कर दिया। संकीर्तन के दौरान बाबा के भजनों पर महिलाएं झूमती नजर आईं। आरती के बाद भक्तों को प्रसाद बांटा गया। धार्मिक कार्यक्रम में अजय कुमार मित्तल, राजकुमार बंसल, अभिषेक बंसल, कृष्ण कुमार गर्ग, टीटू गुप्ता, मित अग्रवाल, अशोक गर्ग, गोपाल तुलस्यान, राजीव माहेश्वरी आदि मौजूद थे।
-----------------
नेपाल और नाइजीरिया से पहुंचे बाबा के भक्त
उझानी। एक शाम सांवरे के नाम कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मंदिर में हुए धार्मिक आयोजन में खाटू नरेश के भक्तों में नेपाल के आर्ट पार्ट्स कारोबारी राजेंद्र प्रसाद सिंघल, उनकी पत्नी मीना सिंघल भी शामिल रहे। नगर निवासी आदित्य सिंघल नाइजीरिया की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। वह भी नाइजीरिया से शुक्रवार शाम को आ गए। आदित्य ने बताया कि जब भी उन्हें मौका मिलता है, खाटू नरेश के दर्शन को दौड़े आते हैं।