बदायूं। बस चलाते वक्त फोन पर बात करने पर चालक पर पांच हजार का जुर्माना और विभागीय कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। अगर कोई चालक फोन पर बात करते हुए बस चलाता है तो कोई भी यात्री उसी वक्त चालक की शिकायत व्हाट्स ऐप के माध्यम से कर सकता है। सरकार की तरफ से जारी व्हाट्स ऐप नंबर 9415049696 पर यात्री फोन पर बात करते वक्त चालक को फोटो खींचकर भेज सकते हैं। शिकायतकर्ता की गोपनीय बरकरार रखते हुए उसे एक हजार रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी जाएगी। चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में रोडवेज बस के साथ हुए बड़े सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सख्ती बरतना शुरू कर दी है। इसका असर परिवहन निगम के बदायूं डिपो में भी देखने को मिला है। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभाकर मिश्रा ने रीजन के सभी डिपो के एआएम को आदेश दिए कि वे अपने डिपो के सभी चालकों और परिचालकों को सतर्कता और गंभीरता का पाठ पढ़ाएं कि वे बस चलाते वक्त फोन पर बात नहीं करें। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि सारे चालकों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें चेताया कि बस चलाते वक्त फोन पर बात न करें वरना कार्रवाई की जाएगी।