बदायूं। भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा ने गुन्नौर इलाके में फर्जी मतदान और अपने वाहन पर पथराव कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने स्वयं गुन्नौर इलाके में जाकर कई बूथों पर फर्जी लोग पकड़े। वह मतदान केंद्र में घुसकर फर्जी मतदान करा रहे थे।
इस संबंध में भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा ने मंगलवार रात पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि गुन्नौर इलाके के ग्राम मौना नगला, परतपुर, पतारी की मढ़ैया बाघऊ समेत कई गांव के बूथों पर फर्जी मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि मौना नगला में एक व्यक्ति महिला मतदान अधिकारी का भाई बनकर पहुंचा। उसके हाथों पर स्याही लगी थी। उसे पकड़कर एसडीएम को सुपुर्द कर दिया, जबकि परतपुर में एक व्यक्ति फर्जी मतदान करते मिला। उसे पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन वह गांव की ओर भाग गया। उसके बाद वह दर्जनों लोगों को बुला लाया। जैसे ही वह मतदान केंद्र से निकलीं कि तभी उसने गांव वालों के साथ उनके वाहन पर पथराव कर दिया। जैसे-तैसे वह अपनी जान बचाकर वहां भागीं। इस संबंध में उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत की है।