उझानी (बदायूं)। कछला पुल पर बुधवार दिन में तेज रफ्तार बोलेरो ने बालक को रौंदने के बाद बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और बाइक सवार का हेलमेट चकनाचूर हो गया। हादसे में बालक समेत तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो को कासगंज की ओर दौड़ा ले गया। जानकारी मिलते ही मृत बालक के परिजन मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने भीड़ को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
हादसा दिन में करीब 11 बजे गंगा पुल पर हुआ। पैदल घर लौट रहे कोतवाली क्षेत्र के गांव पंखियानगला निवासी मोहम्मद नवाज (8) पुत्र इसाउद्दीन को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। नवाज के ऊपर से बोलेरो का पहिया उतर गया, उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद चालक बोलेरो पर नियंत्रण खो बैठा और कासगंज जिले में सहावर के मोहल्ला झंडा निवासी बाइक सवार विनय कुमार गुप्ता उर्फ विंकल (48) और उनकी पत्नी अनीता (45) को चपेट में ले लिया। विनय, पत्नी अनीता को सहसवान में एक निजी चिकित्सक के यहां दवा दिलाने आए थे। हादसे में विनय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनीता ने जिला अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया। हादसे में विनय का हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। इधर, हादसे की जानकारी नवाज के परिजनों को लगी तो वे ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम में दर्जनों वाहन फंस गए। एसएसआई रामऔतार सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की। बाद में उन्होंने भीड़ को समझा कर जाम खुलवाया। इससे करीब एक घंटा तक आवागमन प्रभावित रहा। बाद में मृतक दंपती के परिजन भी सहावर से आ गए। मृतका अनीता का मायका उझानी के मोहल्ला साहूकारा में है। पुलिस ने तीनों लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।