बदायूं। सोमवार रात से अचानक बदले मौसम के तेवर मंगलवार को भी बिगड़े रहे। पूरे दिन बादल छाए रहे। दोपहर बाद से हल्की बूंदें भी पड़ीं। रात में बरसात होने और दिन में बादलों के छाने और हवा चलने से सर्दी भी बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव की वजह से लोगों को फिर से दिन में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर होना पड़ गया।
बीते एक पखवाड़े से मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। कुछ दिन पहले बरसात और कड़ाके की ठंड रही, लेकिन चार-पांच दिन से मौसम में कुछ बदलाव आया और लोगों ने दिन के समय में गर्म कपड़े पहनना कम कर दिया था। सुबह-शाम को जरूर लोग गर्म कपड़े पहन रहे थे। सोमवार की रात करीब नौ बजे अचानक ही तेज हवा के साथ बरसात होने लगी थी। बिजली भी खूब गरजी, लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद मौसम साफ हो गया, हालांकि हवा चलती रही। मंगलवार की सुबह बादल छाए रहे, जो पूरे दिन तक बने रहे। बीच में कुछ हल्की धूप निकली, लेकिन तीन बजे के बाद बूंदे गिरने लगीं। हवा के साथ बूंदाबांदी से सर्दी में वृद्धि हो गई। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या भी कुछ कम रही। दिन भर मौसम के बदले मिजाज के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त सा रहा।
--------------------
बाजार पर पड़ा मौसम का असर
रात से बदले मौसम का असर शहर के बाजार पर भी मंगलवार को देखने को मिला। दुकानदारों का कहना था कि बादलों के छाने और बारिश की आशंका की वजह से लोग खरीदारी को कम निकले। लिहाजा, वे दिन भर खाली ही दुकान पर बैठे रहे।
----------------------
हवा के साथ बरसात से घंटों ठप रही सप्लाई
सोमवार की रात तेज हवा के साथ हुई बरसात के कारण शहर में सिविल लाइन इलाके में रात करीब 12 बजे तक बिजली की सप्लाई गुल रही। बताया गया कि लाइनों के टूट जाने की वजह से ऐसा हुआ था। उन्हें ठीक करने के बाद सप्लाई को सुचारु कर दिया गया।