दातागंज। आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के गोद लिए गांव बसेला के मजरा ढिलवारी में विकास पर्व मनाया गया। सांसद ने घोषणा करते हुए कहा कि गांव में लोगों को शुद्ध पेयजलापूर्ति के लिए उनकी ओर से ओवरहेड टैंक बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें सबका साथ-सबका विकास के नारे पर काम कर रही हैं।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। आगामी लोकसभा चुनाव में भी देश के अंदर मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनेगी। क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाएगी। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि ओवरहेड टैंक के साथ ही दोनों गांव में पेयजलापूर्ति को 15 किमी पाइप लाइन डाली जाएगी। इस गांव में 973 इज्ज्तघर बने हैं। यदि इसके बाद भी कोई व्यक्ति रह गया है तो उसे भी जल्द मिल जाएगा। जिले में 600 करोड़ का किसानों का कर्जा माफ हुआ था जिनमें बसेला के भी 22 किसान लाभांवित हुए हैं। इस दौरान 26 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास की चाभी दी गई। इससे पूर्व गांव के लोगों ने सांसद धर्मेंद्र, विधायक और पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।