अब नहीं बिकेंगे स्टीकर लगे फल
बदायूं। जिले में अब दुकानों, ठेलों पर स्टीकर लगे फल नहीं बिक सकेंगे। इसको लेकर शासन ने प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारियों को निर्देशित किया है। शासन से मिले निर्देश के बाद अधिकारी सतर्क हो गए हैं। ऐसे में अगर स्टीकर लगे फल की बिक्री करते हुए दुकानदार मिलते हैं, तो उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।
प्रदेश की विभिन्न मंडियों, मार्केट से लेकर छोटी-छोटी दुकान वाले, ठेले वाले स्टीकर लगाकर फलों का बेचते हैं। स्टीकर लगे चमचमाते फल लोगों को अपनी ओर अकर्षित करते हैं। लेकिन ये फल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अब स्टीकर लगे फलों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। बताया कि फलों पर स्टीकर लगाने के लिए जिस पदार्थ का प्रयोग किया जाता है उसमें जो केमिकल मिले होते हैं, वे स्वास्थ्य के अच्छे नहीं हैं। शासन की ओर से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमित निरीक्षण कर फल कारोबारियों और वहां उपस्थित लोगों को स्टीकर लगे हानिकारक फलों के संबंध में जागरूक किया जाए। स्टीकर लगे फलों के बेचने से रोकने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रदेश मुख्यालय को भी अवगत कराएं।