फोटो--7, 8, 9
लावेला चौक पर जाम में फंसे वाहन
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सोमवार दोपहर शहर का लावेला चौक वाहनों से जाम हो गया। चारों ओर दर्जनों वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान वाहन निकलना तो दूर पैदल गुजरना तक मुश्किल हो गया। इससे काफी समय तक लोग जाम से जूझते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
शहर का लावेला चौक सबसे व्यस्तम चौराहा है। इस चौराहे से कुछ दूरी पर रोडवेज बस स्टैंड है। जहां से ऑटो, रिक्शा और बसों का आवागमन होता रहता है। सोमवार दोपहर लावेला चौक पर ऐसा जाम लगा कि चारो ओर की सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जो सड़क खाली बची थी, उसको दोपहिया वाहन सवारों ने घेर लिया। इससे फोर ब्हीलर तो दूर मोटरसाइकिल तक नहीं निकल पाई। कुछ ही देर में लावेला चौक पर वाहनों की लाइन महिला अस्पताल से आगे तक पहुंच गई। इधर, रोडवेज स्टैंड तक दोनों ओर वाहन जाम हो गए। गांधी ग्राउंड के दोनों मार्ग वाहनों से फुल हो गए। स्टेट बैंक रोड भी पूरी तरह जाम हो गया। उस समय लावेला चौक पर तैनात होमगार्डों ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया। परंतु उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी। इसकी सूचना पर सिविल लाइंस और कोतवाली पुलिस पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को पास कराया। इसमें ही पुलिस को करीब एक घंटा लग गया।