कछला गंगाघाट पर कांवड़ियों की संख्या में गुरुवार सुबह से ही इजाफा होने लग गया। सावन महीने का दूसरा पड़ाव आने वाला सोमवार होगा। इस दिन शिवालयों में जलाभिषेक के लिए गुरुवार को पूरे दिन बरेली-मथुरा हाईवे पर बम-बम भोले गूंजता रहा। कछला घाट से लेकर शहर की गलियों और गांव के गलियारों में भी कांवड़ियों की धूम रही।
गंगाघाट पर शिवभक्तों ने पहुंचने का क्रम बरकरार रखते हुए देर रात तक कांवड़ यात्रा को थमने नहीं दिया। तड़के करीब तीन बजे से ही घाट पर शिवभक्तों ने आस्था की डुबकी लगाकर कांवड़ पूजन किया। गंगा और कांवड़ की आरती भी की गई। सुबह से लेकर देर शाम तक कछला से शिवालयों की ओर निकले शिवभक्तों ने रास्ते में जमकर धमाल किया। शिव का गुणगान करते हुए टोलियों में शामिल कांवड़िए भी अजब-गजब अंदाज में नजर आए। भोले की ड्रेस और पैर में घुंघरू बांधे कांवड़ियों का उत्साह देखते बनता था। कछला चौराहे पर और यहां मेन मार्केट में दुकानदारों समेत राहगीरों ने उनका स्वागत किया। गुरुवार को कांवड़ियों की ज्यादातर टोलियां बरेली और उसके आसपास इलाके की रहीं। पीलीभीत के बीसलपुर की टोली ने कलाकारों के साथ मनमोहक प्रदर्शन किया।
साथ में थे रसोइया, सड़क किनारे पकाया खाना
उझानी। बरेली और पीलीभीत जिले के कांवड़ियों की कई टोलियों के वाहनों के साथ राशन सामग्री ओर रसोइया भी था। मंडी समिति और बदायूं रोड पर शिवमंदिर के पास गुरुवार को इसका नजारा भी देखने को मिला। रसोइयों ने कांवड़ियों का मनपसंद खाना पकाया। खाने में सब्जी-पूड़ी और हलुवा भी शामिल था। खुद ही रसोइया साथ लेकर चल रहे कांवड़ियों में से प्रेमपाल गंगवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा का सफर काफी लंबा है। गोला तक यात्रा के दौरान उन्हें कई दिन लगेंगे, ऐसे में भोजन का अपना इंतजाम होना चाहिए।
कांवड़ियों की सेवा को लगेगा स्वास्थ्य शिविर
बदायूं। कांवड़ियों की मदद के लिए आदर्श सेवा समिति की ओर से 19 अगस्त को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा। यह शिविर नौशेरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने लगेगा, जो सुबह सात बजे से शुरू होगा। शिविर की तैयारी लेकर गुरुवार को समाजसेवी सरदार भगत सिंह के प्रतिष्ठान पर एक बैठक हुई। इसमें डॉ. हरिओम गुप्ता, डॉ. मेजर एसके गुप्ता, डॉ. नीता गुप्ता, डॉ. सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहेंगे। बैठक में मनोज मिश्रा, डीके चड्डा, भगत सिंह, अमित सक्सेना, मुकेश साहू, श्याम वैश्य आदि मौजूद थे।