कार ने पीछे से मारी टक्कर, मुजरिया के छोकरपुर पुल पर हादसा
बदायूं। अलापुर के कुतरई में गोली लगने से घायल दूल्हे की बारात में शामिल होने आ रहे तीन दोस्तों की बाइक को मुजरिया क्षेत्र में एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पुल से खाई में जा गिरी। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो अफरातफरी मच गई।
यूसुफ की शादी से पहले रात में उसे गोली मारकर घायल कर दिया गया तो उसके दोस्तों के घायल होने से भी बारात के रंग में भंग पड़ गया। यूसुफ के पड़ोसी और हमउम्र कई दोस्त दिल्ली में रहकर काम करते हैं। इन्हें शादी में शामिल होने रविवार सुबह गांव कुतरई जाना था। सुबह ही पता लगा कि यूसुफ को गोली लग गई है। इसके बाद तीनों दोस्त घबरा गए। आननफानन में एक ही बाइक से यूसुफ के तीन दोस्त दिल्ली से बदायूं की ओर निकल पड़े। इनमें यासीन (24) पुत्र नवाब, सदाकत (25) पुत्र शराफत और इकबाल (30) पुत्र तनव्वर शामिल थे। करीब तीन बजे यह लोग सहसवान आ गए। यहां से बदायूं दिशा में आ रहे थे। तभी बदायूं मेरठ हाईवे पर मुजरिया क्षेत्र में छोकरपुर पुल से गुजरते हुए इनकी बाइक को पीछे से तेज गति से आती कार ने टक्कर मार दी। इससे यह लोग पुल के एक साइड की टूटी रेलिंग से बाइक समेत कई फुट गहरी खाई में गिर गए। चूंकि तीनों ही लोग हेलमेट नहीं लगाए थे, इसलिए वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी के हाथों और पैर में फ्रेक्चर हो गए, बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर बिल्सी क्षेत्र की एंबुलेंस 108 से ईएमटी सुरेंद्र यादव इन्हें लेकर जिला अस्पताल आए। यहां इन्हें भर्ती कर उपचार शुरू करा दिया गया। इस बीच घायलों के परिवार के लोगों को पता लगा तो काफी संख्या में महिलाएं मौके पर आ गईं और अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग इन्हें रेफर कराकर ले जाने की बात कर रहे थे।