बदायूं। सड़क हादसों में मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए।
म्याऊ। कस्बे के पास स्थित कृष्णा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह अलापुर के गांव बसियानी निवासी धर्मेंद्र (25) पुत्र ऋषिपाल बाजार करने के बाद वापस अपने घर जा रहे थे। धर्मेंद्र की बाइक से म्याऊं निवासी राजेश के छह वर्षीय पुत्र अंशुल को टक्कर लग गई। इससे मासूम अंशुल और बाइक सवार दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें 108 एंबुलेंस से म्याऊं पीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर ने धर्मेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के अंतर्गत ओरछी चौराहे के पास गुरुवार को हादसा हो गया। मुरादाबाद से फर्रुखाबाद मार्ग पर श्रीरामजी कोल्ड स्टोरेज के सामने चंदौसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर गिर गई। इससे गांव भटपुरा निवासी अनमोल (17) पुत्र राजू शंखधार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को थाना पुलिस ने चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
--
बाइक फिसलने से युवक चोटिल
उझानी। मोहल्ला अहीरटोला निवासी 30 वर्षीय तेजेंद्र यादव बृहस्पतिवार दोपहर में मार्केट के लिए बाइक से निकला। बाइपास पर सामने से कुत्ते को बचाने की कोशिश में वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक फिसलने से वह घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट बताते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।